किशनगंज,स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित
किशनगंज जिले में आज दिनांक 25-07-2026 को नई सरकार के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके कार्यों की सराहना के साथ-साथ जनसेवा के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा भी है।जिला स्वास्थ्य समिति, किशनगंज की ओर से जारी सूची के अनुसार जिले में अलग-अलग स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पांच स्वास्थ्यकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। इनमें टीबी उन्मूलन, टेलीमेडिसिन, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव तथा सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में योगदान देने वाले कर्मी शामिल हैं।
टीबी उन्मूलन में बेहतर प्रदर्शन के लिए एसटीएलएस रविशंकर कुमार सम्मानित
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री रविशंकर कुमार, एसटीएलएस (कोचाधामन एवं टेढ़ागाछ) को सम्मानित किया गया। उनके द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बेहतर कार्य किया गया। उपलब्धि के तौर पर टीबी डीबीटी में 100 प्रतिशत, टीपीटी में 100 प्रतिशत तथा डिफरेंशिएट टीबी केयर में 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। टीबी मरीजों की पहचान, उपचार एवं फॉलोअप को प्रभावी बनाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना गया।
टेलीमेडिसिन सेवा में 3505 परामर्श, सीएचओ चित्रलेखा चौधरी को मिला सम्मान
ठाकुरगंज की सीएचओ सुश्री चित्रलेखा चौधरी को टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने जुलाई 2025 से जून 2026 तक कुल 3505 टेली-परामर्श उपलब्ध कराए। टेलीमेडिसिन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श से जोड़ने में उनके प्रयास की सराहना की गई।
टीकाकरण में 126 प्रतिशत उपलब्धि, एएनएम करुणा कुमारी सम्मानित
बहादुरगंज की एएनएम श्रीमती करुणा कुमारी को पूर्ण टीकाकरण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने 126 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि हासिल की, जबकि अप्रैल से जून 2026 की अवधि में यह उपलब्धि 124 प्रतिशत रही। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने और बच्चों को समय पर टीके उपलब्ध कराने में उनके कार्य को उल्लेखनीय माना गया।
सदर अस्पताल में 1128 प्रसव कराने वाली स्टाफ नर्स श्यामा कुमारी को सम्मान
सदर अस्पताल किशनगंज की स्टाफ नर्स श्रीमती श्यामा कुमारी को प्रसव कक्ष में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। उनके द्वारा कुल 1128 प्रसव कराए गए। सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और प्रसव के दौरान माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनके योगदान की सराहना की गई।
सामुदायिक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग व परिवार नियोजन में उत्कृष्ट योगदान
भाग बेटा, विशनपुर, कोचाधामन की आशा कार्यकर्ता श्रीमती रेणु भारती को उत्कृष्ट सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने 454 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 100 प्रतिशत टीकाकरण, 8 महिला नसबंदी तथा 1 एनएसवी कराने में योगदान दिया। साथ ही उनके क्षेत्र में गृह प्रसव की संख्या शून्य रही। यह उपलब्धि सुरक्षित मातृत्व, परिवार नियोजन तथा टीबी उन्मूलन के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका को दर्शाती है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान स्वास्थ्य व्यवस्था को देगा नई ऊर्जा
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सम्मानित स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की सफलता केवल संसाधनों और व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर लागू करने वाले कर्मियों की मेहनत, संवेदनशीलता और समर्पण से सुनिश्चित होती है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मी न केवल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं।उन्होंने कहा कि जनता को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक कर्मी को इसी भावना के साथ कार्य करते हुए अंतिम व्यक्ति तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों की सराहना से उनमें उत्साह बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रक्रिया को और गति मिलेगी।
सम्मान पुरस्कार नहीं, जनसेवा की जिम्मेदारी को और मजबूत करने का संदेश
सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया कि प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किए गए कर्मियों की उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि जिले में स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टीबी उन्मूलन से लेकर टीकाकरण, टेलीमेडिसिन, सुरक्षित संस्थागत प्रसव और परिवार नियोजन तक, स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।प्रशस्ति-पत्र प्राप्त करने वाले कर्मियों ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करते हुए आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। District Kishanganj Bihar Health Department Dilip Jaiswal Bihar Education Department Kishanganj Police JEEVIKA Bihar BJP Bihar Bihar JDU Dr Md Jawaid