आज दिनांक 15.07.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र द्वारा अंचल कार्यालय, डेहरी का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन, ई-मापी, भूमि अभिलेखों के अद्यतन, ऑनलाइन आवेदन निष्पादन तथा निवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व कर्मचारी एवं राजस्व पदाधिकारी के स्तर पर लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं ई-मापी जैसे राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब से आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। कई स्तरों पर कमियां परिलक्षित होने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के जल्द सुधार करने के के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र के लिए प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि विद्यार्थियों, युवाओं एवं अन्य आवेदकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, ऑनलाइन पोर्टल पर प्रविष्टियों, आवेदन पंजी, लंबित वादों के संधारण तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा अंचल कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
वहीं बियाडा एवं पुलिस लाइन क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर जिला पदाधिकारी ने एयरटेल के संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि नेटवर्क समस्या को सुधार किया जाए। जल्द ही जमीन चिन्हित कर यहां एक एयरटेल का टावर भी लगाया जाएगा।
#IPRD
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 15, 2026