खेल के मैदान से नशे के खिलाफ मजबूत संदेश, एसपी निकिता खट्टर ने युवाओं से कहा– नशा छोड़ें, खेलों से जुड़ें और जीवन को दें सकारात्मक दिशा*
*– एम.एम. कॉलेज में टॉस कर मैच का किया शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला; पुलिस लाइन में भी युवाओं के बीच पहुंचीं पुलिस अधीक्षक*
*– पुलिस लाइन में नमो क्रिकेट लीग का उत्साहपूर्ण समापन, गांव बोदिवाली की विजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित*
फतेहाबाद, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर खेलों, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से फतेहाबाद में खेल के मैदान से नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया गया। *पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने युवाओं के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और आह्वान किया कि युवा नशे से दूरी बनाकर अपनी ऊर्जा खेलों, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं।
माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित नमो क्रिकेट लीग में पूरे उत्तर भारत से 3400 से अधिक टीमें भाग ले रही हैं। जिला फतेहाबाद में इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 सितंबर 2026 को हुआ था, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 170 से अधिक क्रिकेट टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने, शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने तथा अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में 23 सितंबर को एम.एम. कॉलेज, फतेहाबाद में आयोजित नमो क्रिकेट प्रतियोगिता में पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर भवानी सिंह ने उनका गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनसे संवाद किया और मैच का टॉस करवाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल केवल शरीर को मजबूत नहीं बनाते, बल्कि युवा मन को गलत संगत और नशे जैसी बुराइयों से बचाकर जीवन को सही दिशा देते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की शक्ति विकसित होती है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवा अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें, खेल के मैदान से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को पहचानें। उन्होंने कहा कि नशे में नहीं, खेल के मैदान में अपनी पहचान बनाएं। युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने दोस्तों व साथियों को भी नशे की दलदल में जाने से रोकें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगाई जाए तो वे न केवल अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक भी बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा शिक्षा और रचनात्मक कार्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
*पुलिस लाइन में क्रिकेट का उत्साह, युवाओं को मिला नशामुक्त जीवन का संदेश*
एम.एम. कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता के बाद पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस पुलिस लाइन फतेहाबाद में आयोजित नमो क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में पहुंचीं। यहां समाजसेवी विनोद तायल, देवीलाल तायल, अशोक कुमार भुक्कड़ तथा सुभाष गर्ग ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
पुलिस लाइन का क्रिकेट मैदान दिनभर खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का केंद्र बना रहा। अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान में उपस्थित युवाओं और दर्शकों में भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। खेल के साथ-साथ पूरे आयोजन में “नशे से दूरी और खेलों से दोस्ती” का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों से बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया तथा प्रतियोगिता के दौरान दिखाई गई खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में आयोजित इस प्रकार के खेल आयोजन पुलिस और आमजन, विशेषकर युवाओं के बीच सकारात्मक संवाद का भी माध्यम बनते हैं। खेल का मैदान युवाओं को अनुशासन, मेहनत, प्रतिस्पर्धा और हार-जीत को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि उन्हें सकारात्मक विकल्प देना भी जरूरी है और खेल इसका सबसे प्रभावी माध्यम है। खेलों में व्यस्त रहने वाला युवा शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत होता है और गलत संगत व नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित होता है।
*बोदिवाली की टीम रही प्रथम, एसपी ने ट्रॉफी देकर किया सम्मानित*
पुलिस लाइन में आयोजित क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव बोदिवाली की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल में मिली सफलता को आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं और दूसरे युवाओं को भी खेलों से जोड़ें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रत्येक युवा यदि स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प ले और अपने एक साथी को भी नशे से बचाए तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। परिवार, पुलिस, समाज और युवाओं के सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों और खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा दी जा सके।
एम.एम. कॉलेज और पुलिस लाइन में आयोजित नमो क्रिकेट लीग के कार्यक्रमों में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता ने जहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, वहीं “खेल अपनाओ–नशा भगाओ” और “नशे से दूरी, खेल हैं जरूरी” का प्रभावी संदेश भी दिया।