*नागद्वारी मेले में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जा रहा विशेष ध्यान
*कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में प्रशासन अलर्ट
*सीईओ जिला पंचायत ओर एसडीएम कर रहे हर पॉइंट का लगातार निरीक्षण
पचमढ़ी पर्यटन स्थल में चल रहे प्रसिद्ध नागद्वारी मेले में बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेले में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों की टीमें लगातार मैदान में सक्रिय हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में एसडीएम आकिप खान द्वारा मेले के प्रत्येक महत्वपूर्ण प्वाइंट का लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन भी मेले में हर एक पॉइंट को चेक कर रहे है साथ ही संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। वे संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनके कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का विशेष जोर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने पर है।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते विभिन्न स्थानों पर कचरा और गंदगी की स्थिति न बने, इसके लिए नगर प्रशासन और स्वच्छता दल लगातार सफाई अभियान चला रहे हैं। स्वच्छता कर्मी दिन-रात विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य में जुटे हैं। कचरे के संग्रहण से लेकर उसके उचित निस्तारण तक की व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जा रहा है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल सफाई कराई जा रही है।
*स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष निगरानी*
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी लगातार सक्रिय हैं। विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य अमले द्वारा प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं। किसी भी श्रद्धालु के अस्वस्थ होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ आवश्यकता के अनुसार आगे की चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी सेहत का ध्यान रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें। साथ ही मेले में स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करते हुए कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की गई।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि नागद्वारी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की सक्रिय निगरानी और विभागीय टीमों की सतत मौजूदगी से मेले में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने का प्रयास लगातार जारी है। श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की गई है, जिससे नागद्वारी मेले में आस्था के साथ स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधा का भी बेहतर वातावरण बना रहे।