*सेवा संकल्प अभियान: खुशियों की दास्तां*
*जल जीवन मिशन बना बदलाव की नई तस्वीर, घर-घर पहुंचा रहा स्वच्छ पेयजल*
*अब नलों से बह रही है खुशियों की धारा*
*जिले मे जल जीवन मिशन के अंतर्गत 97 प्रतिशत से अधिक घरेलू नल जल कनेक्शन का कार्य पूर्ण*
*जल जीवन मिशन से बदल रहा ग्रामीण परिवेश*
हर घर तक स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित नल-जल योजनाओं का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से प्रारंभ हुए इस महत्वाकांक्षी अभियान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नर्मदापुरम जिला निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत 97 प्रतिशत से अधिक घरेलू नल जल कनेक्शन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष योजनाओं को भी शीघ्र पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
जल जीवन मिशन के प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की तस्वीर में उल्लेखनीय बदलाव आया है। जिन गांवों में पहले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को दूर-दराज के कुओं, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों से पानी लाने के लिए काफी समय और श्रम करना पड़ता था, वहीं अब घर-घर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। घर के आंगन में ही पानी की सुविधा मिलने से ग्रामीण परिवारों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ता।
नल से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीण परिवारों को सुविधा मिलने के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी मजबूत हुई है। स्वच्छ जल के उपयोग से जलजनित बीमारियों की रोकथाम में मदद मिल रही है। वहीं महिलाओं को पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम की बचत हो रही है। इस अतिरिक्त समय का उपयोग महिलाएं कृषि कार्य, स्वरोजगार, घरेलू गतिविधियों तथा अन्य आर्थिक एवं सामाजिक कार्यों में कर रही हैं।
जल जीवन मिशन का लाभ केवल परिवारों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालन करने वाले ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिल रहा है। घर के समीप ही पानी उपलब्ध होने से पशुओं के लिए भी आसानी से पानी की व्यवस्था हो रही है। इससे कुएं, तालाब एवं अन्य दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है।
योजनाओं के संचालन एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गांवों में जल सहायता समितियों का गठन किया गया है। समितियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी एवं आवश्यक समन्वय किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों की सहभागिता के साथ नल-जल योजनाओं के संचालन को प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।
जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में 737 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं जिसमे अब तक नर्मदापुरम विकासखंड में 82, केसला में 81, माखननगर में 94, सोहागपुर में 123, पिपरिया में 109, बनखेड़ी 100 तथा सिवनिमालवा में 148 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। जिनमें से कुल 527 योजनाओं का विकासखंडवार हैंडओवर किया गया है। इनमें नर्मदापुरम विकासखंड में 60, केसला में 62, माखननगर में 46, सोहागपुर में 81, पिपरिया में 91, बनखेड़ी में 86 तथा सिवनीमालवा में 101 योजनाएं शामिल हैं।
जल जीवन मिशन के माध्यम से नर्मदापुरम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता को लेकर लंबे समय से चली आ रही कठिनाइयों का समाधान हुआ है। घर-घर नल से जल पहुंचने से ग्रामीण जीवन में सुविधा, समय की बचत और स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों के सामाजिक-आर्थिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh Department of Water Resources, Madhya Pradesh