सड़क पर बिखरा खिलौना, मां-बेटे की दर्दनाक मौत… तीन मासूमों के सवाल ने सबको रुलाया, दशहरा मनाकर लौटते वक्त उजड़ गई दुनिया
हजारीबाग के बरही चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मां और 4 साल के बेटे की मौत। मां और भाई को खोने के बाद तीन मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, बार-बार पूछते रहे- मां और भाई कहां गए?
हजारीबाग। दशहरा की खुशियां मनाकर मायके से ससुराल लौट रही एक मां और उसके चार साल के बेटे की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही चौक पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से उर्मिला देवी और उनके बेटे दीपांशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे रह गए तीन मासूम बच्चे अपनी मां और छोटे भाई को तलाशते रहे। उनके मासूम सवाल सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।