चलकुशा बाराडीह की बदहाल सड़कों ने विकास के दावे फेल किए
चलकुशा: पंचायत के बाराडीह में सड़क की खराब स्थिति ने विकास के दावों को पूरी तरह नकार दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर में कीचड़ भरे गड्ढे में एक युवक गिरा हुआ दिख रहा है, जबकि दो स्कूली बच्चे अपनी साइकिल लेकर जोखिम उठाते हुए सड़क के किनारे से गुजर रहे हैं। यह सड़क रोजाना सैकड़ों स्कूली छात्रों, किसानों और ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है।
स्थानीय लोगों ने बार-बार जनप्रतिनिधियों को सड़क की मरम्मत के लिए शिकायत की है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है और बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों ने त्यौहारों के मद्देनजर अविलंब सड़क की मरम्मत एवं पक्कीकरण की मांग की है। मुखिया आलोक सिंह ने बताया कि किसानों द्वारा मेड बांधने के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई है।