समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 19 जून 2026
कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय हरनीचट्टी अदफा, डुमरांव में “दीदी की रसोई” का शुभारंभ
जीविका दीदियों के माध्यम से छात्राओं को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन
आज दिनांक 19 जून 2026 को कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय हरनीचट्टी अदफा, डुमरांव, बक्सर में छात्राओं हेतु संचालित किए जाने वाले “दीदी की रसोई” का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीया मंत्री श्रीमती रमा निषाद, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार के कर-कमलों द्वारा किया गया।
“दीदी की रसोई” का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है, साथ ही ग्रामीण महिलाओं को आजीविका से जोड़ते हुए उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना भी है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय विधायक राजपुर श्री संतोष निराला की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री ओम प्रकाश भुवन, जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, सुश्री निहारिका छवि, उप विकास आयुक्त बक्सर, श्री राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, श्री अरविंद कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी बक्सर, श्री दयानिधि चौबे, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, सुश्री करीना कुमारी, प्राचार्य, कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय एवं सुश्री बबीता कुमारी, समाज कल्याण पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा “दीदी की रसोई” परिसर का अवलोकन किया गया तथा भोजन निर्माण एवं संचालन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर जीविका दीदियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा गया कि यह पहल महिला सशक्तिकरण एवं संस्थागत सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
माननीय मंत्री महोदया ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों की सहभागिता से न केवल भोजन व्यवस्था में गुणवत्ता सुनिश्चित होगी बल्कि स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा सामुदायिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस कार्यक्रम के अलावे माननीय मंत्री महोदया के समक्ष अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। इसमें माननीय मंत्री महोदया द्वारा विद्यालय में पठन-पाठन उच्च स्तर का कराने हेतु निर्देश दिया गया। विद्यालय की छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं सभी माननीय एवं पदाधिकारी की उपस्थिति रही।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxar #buxarjila #bihar #topfollowers
105 views | Buxar, Bihar | Jun 20, 2026