जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विद्यालयों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में अनुशासन सुनिश्चित करने तथा उनकी नियमित उपस्थिति एवं समुचित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
छात्रावासों में किचन की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता तथा अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) के मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सके।
विद्यालयों के संबंध में जिलाधिकारी ने शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार लाने तथा छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया।
बैठक में विकास मित्रों के कार्यों की प्रभावी एवं नियमित मॉनिटरिंग करने तथा उन्हें स्पष्ट लक्ष्य आधारित दायित्व प्रदान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध उपलब्धि एवं कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र लाभुकों को नियमानुसार ससमय लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
इसके अतिरिक्त प्रखंड स्तर पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के जनप्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने तथा उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समरसता अभियान के तहत श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विकास शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच करते हुए उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए लाभुकों तक योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी लाभ पहुंचाया जाए तथा सभी कार्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाए।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Banka, Bihar | Sep 26, 2026