अस्थायी पुलिया पर रखा गया पोल हटाया गया, सूचना मिलते ही नगर निगम ने की त्वरित कार्रवाई
पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बालू के बैग से बनाई गई है अस्थायी पुलिया, आवागमन में बाधा रोकने के लिए निगम प्रशासन सतर्क
गयाजी। पितृपक्ष महासंगम के दौरान देश-विदेश से गयाजी पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर गया नगर निगम लगातार आवश्यक व्यवस्थाएं कर रहा है। इसी क्रम में पितामहेश्वर घाट एवं ब्राह्मणी घाट पर श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए बालू से भरे बैग की मदद से अस्थायी पुलिया का निर्माण कराया गया था। इस बीच असमाजिक तत्वों द्वारा अस्थायी पुलिया पर पोल रखे जाने की सूचना नगर निगम को मिली। सूचना प्राप्त होते ही निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिया पर रखे पोल को वहां से हटवा दिया।
नगर निगम की ओर से प्रत्येक वर्ष पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न घाटों पर अस्थायी व्यवस्था की जाती है। पितामहेश्वर और ब्राह्मणी घाट पर बालू के बैग लगाकर बनाई गई अस्थायी पुलिया का उद्देश्य तीर्थयात्रियों को आवागमन में सहूलियत देना है, ताकि पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
आवागमन में बाधा न हो, इस पर निगम की नजर
अस्थायी पुलिया पर पोल रखे जाने से श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका थी। इसकी जानकारी मिलते ही नगर निगम ने बिना देर किए पोल को हटाने की कार्रवाई की। निगम प्रशासन का प्रयास है कि घाटों पर श्रद्धालुओं के आने-जाने का रास्ता सुगम रहे और किसी भी तरह की अव्यवस्था से तीर्थयात्रियों को परेशानी न हो।
पितृपक्ष मेले के दौरान गयाजी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान और तर्पण करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर साफ-सफाई, आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। निगम प्रशासन इन व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सजग है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।