⚡ दीवार तोड़ी तो मिला बिजली के तारों का जखीरा, सीढ़ी के नीचे चुनवा रखा था चोरी का माल
स्थान: कांकेर | रिपोर्ट: वीरेन्द्र यादव
उत्तर बस्तर कांकेर जिले की सरोना थाना पुलिस ने विद्युत लाइन निर्माण में उपयोग होने वाले तारों की चोरी के मामले का बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर में दबिश दी तो चोरी का ऐसा तरीका सामने आया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने घर की सीढ़ियों के नीचे दीवार चुनवाकर लाखों रुपये के बिजली के तार छिपा रखे थे।
पुलिस के अनुसार, सरोना थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में चल रहे विद्युत लाइन निर्माण कार्य के दौरान बड़ी मात्रा में बिजली के तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर से मिली सूचना और अन्य सुरागों के आधार पर संदेही शुभम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर जब पुलिस उसके घर पहुंची तो चोरी का सामान कहीं दिखाई नहीं दिया। इसके बाद आरोपी ने बताया कि उसने सभी बिजली के तार घर की सीढ़ियों के नीचे विशेष रूप से बनाई गई जगह में छिपाकर ऊपर से दीवार चुनवा दी थी। पुलिस ने दीवार तुड़वाकर तलाशी ली तो अंदर से बड़ी मात्रा में विद्युत निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले तार बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से चोरी के सभी विद्युत तार जब्त कर लिए हैं। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शुभम यादव को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को सफलता मिली है। चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#viralreelschallenge #NewsUpdate #videoviral #BreakingNews
Kanker, Kanker | Jul 18, 2026