मऊ में मध्यस्थता से 81 दिनों में बुजुर्ग दंपति का विवाद सुलझा, फिर साथ रहने का लिया संकल्प
मऊ में मध्यस्थता के जरिए एक बुजुर्ग दंपति के भरण-पोषण से जुड़े विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया है। सर्वोच्च न्यायालय के तत्वावधान में संचालित ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने यह पहल की। प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय कुमार यादव के नेतृत्व में अधिवक्ता मध्यस्थ कंचनलता ने करीब आठ बैठकों के माध्यम से 24 जुलाई से 13 अक्टूबर 2026 के बीच विवाद का निस्तारण कराया। कुल 81 दिनों में समाधान के बाद दंपति ने फिर से साथ रहने का संकल्प लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने आमजन से अपील की है कि विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के लिए मध्यस्थता का विकल्प अपनाएं। निःशुल्क विधिक सहायता और जानकारी के लिए जिला न्यायालय परिसर स्थित प्राधिकरण कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है या हेल्पलाइन नंबर 15100 पर कॉल किया जा सकता है।