नेरचौक कंसा चौक में डंपिंग साइट को लेकर ग्रामीण उग्र, SDM को सौंपा ज्ञापन
नेरचौक: कंसा चौक में डंपिंग साइट को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिहायशी क्षेत्र के समीप अवैध रूप से डंपिंग साइट बनाई गई है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बीमारियां फैलने की आशंका सता रही है।
इस मामले को लेकर प्रधान अश्वनी सैनी और जिला परिषद सदस्य डिंपल सैनी की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखी। ग्रामीणों की मांग है कि रिहायशी क्षेत्र के बीच बनी डंपिंग साइट को तुरंत हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि खुले में कूड़ा जमा होने से क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से डंपिंग साइट की जांच करवाने तथा रिहायशी क्षेत्र से इसे हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।