प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 03.08.2026
दिनांक 02 अगस्त 2026 की रात्रि 10:20 बजे जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार द्वारा उप विकास आयुक्त महोदय के साथ अशोक धाम क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में श्रावणी मेला से संबंधित जिन-जिन स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, उनका स्थलवार निरीक्षण किया गया। सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर उपस्थित पाए गए तथा ड्यूटी पंजी का विधिवत संधारण भी संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन द्वारा वृद्धजन एवं चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए अशोक धाम मंदिर तक आवागमन हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को दोनों ओर से निःशुल्क टोटो की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। किंतु स्थल पर टोटो उपलब्ध नहीं पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि बिना विलंब उक्त व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अशोक धाम पहुंचने पर वहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी जिला पदाधिकारी द्वारा अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर आयोजन का आनंद ले रहे थे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
इसके उपरांत अशोक धाम रेलवे हॉल्ट से अशोक धाम मंदिर तक PHED द्वारा मार्ग में निर्मित महिला/पुरुष शौचालय एवं स्नानागार का निरीक्षण किया गया, जिसमें स्वच्छता एवं उपयोगिता की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जिला पदाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य शिविर के अवलोकन के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा कि गयी व्यवस्था कि प्रशंसा कि गई इस मौके पर सिविल सर्जन मौजूद थे।
निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि अशोक धाम हॉल्ट से मंदिर तक के बीच रास्ते में लगभग 100 मीटर तक कच्चा रास्ता है, जिसके लिए नगर परिषद के सहयोग से मोटरेबल रास्ता बनाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विभाग को दिया गया था, जो अभी तक नहीं हो पाया है।
इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि संबंधित भूमि को RCD को विधिवत हस्तांतरण की प्रक्रिया की जाये जिससे कि भूमि अधिग्रहण एवं अन्य कार्य कराते हुए स्थायी रूप से पक्कीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के पश्चात जिला पदाधिकारी बड़हिया क्षेत्र के लिए प्रस्थान किए, जहां BNM कॉलेज घाट का निरीक्षण कर थाना अध्यक्ष,बड़हिया द्वारा बताया गया कि श्रद्धालुओं कि संख्या कम है तथा स्तिथि नियंत्रण मे है।जिला पदाधिकारी ने निदेशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गंगा घाट के समीप अधिक गहराई वाले स्थानों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति तथा लाल झंडा लगाने के निर्देश भी दिए गए, साथ ही सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया।
इसके बाद उन्होंने रेफरल अस्पताल, बड़हिया का निरीक्षण किया गया। आपातकालीन वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से जिला पदाधिकारी ने बातचीत कर इलाज एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीज द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित चिकित्सकों, वार्ड कर्मियों एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई। सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक भी मौके पर उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इसी प्रकार की व्यवस्था निरंतर बनी रहनी चाहिए।
आज दिनांक 03.08.2026 को प्रातः 5:00 बजे पुनः जिला पदाधिकारी द्वारा अशोक धाम का निरीक्षण किया गया साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी एवम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे, जिसमें ड्यूटी में लगे कर्मियों की सतर्कता एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा अशोक धाम स्टेशन पहुँच कर स्टेशन मास्टर से तैयारियों का जायज़ा लिया गया,उन्होंने बताया कि इस रुट मे तीन ट्रेनों का हाल्ट है एवम रेलवे प्रशासन भी श्रावणी मेला को लेकर सजग है।जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं निरंतर बनाए रखने तथा नगर परिषद को साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया। साथ ही कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई एवं विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।