प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक : 03 अगस्त 2026
आज दिनांक 03.08.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में चेहल्लुम 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात बैठक की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ की गई, जिसमें चेहल्लुम के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों से उनके क्षेत्र की समस्याओं, सुझावों एवं फीडबैक की मांग की गई।
वहां उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने बताया कि चेहल्लुम पर्व से संबंधित जुलूस या इस तरह का कोई आयोजन उनके क्षेत्र में अभी तक नहीं हुआ है तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी कहा कि चेहल्लुम पर्व से संबंधित अभी तक कोई जुलूस इत्यादि का प्रचलन उनके क्षेत्र मे नहीं है।
इस पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि फिर भी सभी संबंधित व्यक्तियों एवं समितियों को जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा इसका आदेश आज जारी कर दिया जाएगा। साथ ही, पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि चेहल्लुम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित सदस्यों को चेहल्लुम एवं श्रावणी मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण रूप से आयोजन हेतु शुभकामनाएं दी।
बैठक में स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।