नशे से जंग-यमुनानगर के संग अभियान को जन-आंदोलन बनाएं- अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा
यमुनानगर, 20 जुलाई- (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि हरियाणा सरकार के नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो अभियान के अंतर्गत 26 जुलाई को आयोजित होने वाली नशे से जंग-यमुनानगर के संग जन-जागरूकता मैराथन को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारीगण पूरी गंभीरता से कार्य करें ताकि इस दौड़ को सफल बनाया जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन के आयोजन, पंजीकरण, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि नशे के विरुद्ध नशा छोड़ो,जीवन जोड़ो, नशे से जंग-यमुनानगर के संग, एक कदम नशा मुक्त हरियाणा की, नशे के खिलाफ जिला में आयोजित दौड़ का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेगें। उन्होंने जिला के नागरिकों से अपील की कि हरियाणा सरकार की नशे के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम में अवश्य भाग लें। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में भाग लेने के लिए अब तक 48364 नागरिकों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है, जिनमें से 30038 पुरुष व 18285 महिलाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कर लिया है। उन्होंने जिला के नागरिकों से अपील की कि हरियाणा सरकार की नशे के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम में अवश्य भाग लें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि नशे के खिलाफ इस दौड़ में भाग लेने वाले प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली महिला एवं पुरूषों को एक लाख, 75 हजार व 51 हजार रुपये के पुरस्कार के रूप में प्रदान किए जाएगें। इसके अलावा 4 से 10 स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 51 सौ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाऐंगे। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 24 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक प्रतिभागी पोर्टल https://runagainstdrugsynr.in/#/en/registration अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त नीवन आहूजा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर चुनौती है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की इस मुहिम का उद्देश्य केवल नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोडकऱ स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना भी है। राज्य सरकार नशे के विरुद्ध जनभागीदारी पर विशेष बल दे रही है। समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है कि वह नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, जिला परिषद के सीईओ सुशील कुमार, नगराधीश पीयूष गुप्ता, पुलिस ट्रैफिक इंचार्ज संदीप कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Jul 20, 2026