शहर में एंट्री करते ही होगा शानदार स्वागत, प्रवेश द्वारों का होगा सौंदर्यीकरण
नगर निगम द्वारा प्रवेश स्थलों का कराया जाएगा सौंदर्यीकरण, लगेगी डेकोरेटिव लाइटें व आकर्षक पौधे
सदन की साधारण बैठक में पास हुआ था प्रस्ताव, गठित कमेटी करेगी प्रवेश स्थलों की स्पॉट विजिट
यमुनानगर।
नगर निगम क्षेत्र में अब एंट्री शानदार व भव्य होगी। नगर निगम द्वारा शहर के मुख्य प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इन स्थानों के सौंदर्यीकरण के आकर्षक फूलों के पौधे व आकर्षक प्लांट लगाए जाएंगे। रात के समय अच्छी रोशनी के लिए यहां डेकोरेटिव लाइट लगाई जाएगी। हाल ही में हुई सदन की साधारण बैठक में यह प्रस्ताव किया गया। साथ ही निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद द्वारा विशेष कमेटी का गठन किया गया। जिसमें निगम के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता व पार्षद शामिल किए गए। यह कमेटी नगर निगम की सीमाओं का एंट्री करने वाले स्थानों पर स्पॉट विजिट करेगी। स्थान निर्धारित करने के साथ फिजिबिलिटी चेक करेगी। यहां आकर्षक फूलों के पौधों और सुंदर डेकोरेटिव लाइट से शहर में एंट्री करने वालों का शानदार स्वागत होगा। मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्ग किसी भी शहर की पहचान होते हैं। ऐसे में नगर निगम का प्रयास है कि यमुनानगर में प्रवेश करते ही लोगों को स्वच्छ, हरित और व्यवस्थित शहर का सकारात्मक संदेश मिले। इसके लिए नगर निगम की सीमाओं में आने वाले सभी प्रमुख प्रवेश स्थलों का चयन कर वहां सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। समिति में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता तथा संबंधित पार्षदों को शामिल किया गया है। यह समिति नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख प्रवेश स्थलों का निरीक्षण करेगी, स्पॉट विजिट के दौरान प्रत्येक स्थान की व्यवहारिकता (फिजिबिलिटी) का आकलन करेगी तथा सौंदर्यीकरण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करेगी।
मेयर ने कहा कि चयनित स्थलों पर आकर्षक फूलों वाले पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पूरे वर्ष हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य बना रहे। इसके साथ ही आधुनिक एवं आकर्षक डेकोरेटिव लाइट स्थापित की जाएगी, जिससे रात्रि के समय उन स्थानों की सुंदरता और अधिक बढ़ेगी तथा लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम केवल आधारभूत सुविधाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रहा है। आने वाले समय में शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सौंदर्यीकरण की योजनाएं चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से यमुनानगर को स्वच्छ, हरित और आकर्षक शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है।