यमुनानगर, 2 अक्टूबर- सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के सुपुत्र एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नेपाल राणा व मंडी विपणन बोर्ड रादौर के चेयरमैन रूपेंद्र सिंह मल्ही ने अनाज मंडी रादौर में जीरी खरीद का निरीक्षण कर किसानों से बातचीत की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नेपाल सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानहित के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अनाज मंडी रादौर में पहुंचकर धान की सरकारी खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में पहुंची धान की खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया तथा किसानों, आढ़तियों और संबंधित अधिकारियों से खरीद व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की सुचारू एवं पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि किसानों को मंडी में अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने किसानों से पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने किसानों में पराली प्रबंधन को लेकर बढ़ रही जागरूकता की सराहना की।
मार्किट कमेटी के चेयरमैन रूपिन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों के लिए पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, फसल के समय पर उठान और भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने मंडी में किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद सीजन के दौरान किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद एवं उठान की प्रक्रिया आपसी समन्वय के साथ सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अधिकारी, मंडी पदाधिकारी, आढ़ती एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।