केवल रावण का पुतला जलाने से बुराइयों का अंत नहीं होगा, स्वच्छ एवं नशामुक्त हरियाणा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: विपुल गोयल
फरीदाबाद में विभिन्न दशहरा महोत्सवों में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, रावण दहन कर प्रदेशवासियों को दी विजयदशमी की शुभकामनाएं
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और नशामुक्त हरियाणा के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार एवं नागरिक से सहयोग का आह्वान
फरीदाबाद, 20 अक्टूबर 2026हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने विजयदशमी के पावन अवसर पर फरीदाबाद में आयोजित विभिन्न दशहरा महोत्सवों में सहभागिता की। इस दौरान वे उदंकार उत्तराखंड संघ ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य विजयदशमी महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम, सेक्टर-16ए स्थित दशहरा मैदान में आयोजित 77वें दशहरा महोत्सव तथा ओल्ड फरीदाबाद स्थित बराही तालाब में श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में रावण दहन कर उपस्थित लोगों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि विजयदशमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श आचरण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को पहचानने और उन्हें समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि केवल रावण का पुतला जलाने से बुराइयों का अंत नहीं होगा, बल्कि इसके लिए हमें अपने व्यवहार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने होंगे। जब हम अपने भीतर के अहंकार, द्वेष, नकारात्मकता और गलत प्रवृत्तियों को समाप्त करने का संकल्प लेंगे, तभी विजयदशमी का वास्तविक संदेश हमारे जीवन में सार्थक होगा।
श्री गोयल ने स्वच्छता और नशामुक्ति को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ हरियाणा के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार, फरीदाबाद के प्रत्येक नागरिक और प्रदेश के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। हमें अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखना चाहिए। स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जब हर नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाएगा, तभी हरियाणा को स्वच्छ बनाने का संकल्प पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार नशामुक्त हरियाणा के निर्माण के लिए भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। हमें स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और अपने परिवार, पड़ोसियों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। अपने बच्चों और युवाओं को नशे से बचाना तथा उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जब परिवार, पड़ोस और समाज एकजुट होकर इस दिशा में प्रयास करेंगे, तभी नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें बुराई के विरुद्ध खड़े होने और अच्छाई को अपनाने की प्रेरणा देता है। यदि हम रावण दहन के साथ-साथ अपने जीवन से गंदगी, नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने का संकल्प लें, तो यह पर्व समाज में वास्तविक परिवर्तन का माध्यम बन सकता है। स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता ही एक बेहतर, सुरक्षित और संस्कारवान समाज की नींव है।
श्री गोयल ने सभी आयोजक समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों को भव्य दशहरा महोत्सवों के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और स्वच्छ, स्वस्थ एवं नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।