एक अभियान जिंदगी के नाम' ने जरूरतमंदों को कराया भोजन, करीब 250 लोगों तक पहुंची सेवा
फरीदाबाद Aonenews अरविन्द बक्शी सामाजिक संस्था 'एक अभियान जिंदगी के नाम' द्वारा शनिवार को ओल्ड रेड लाइट चौक पर जरूरतमंद, असहाय एवं बेसहारा लोगों के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने पूरे सेवा भाव के साथ करीब 200 से 250 जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया।
संस्था के संस्थापक राकेश कुमार सुखवारिया ने बताया कि मानव सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संस्था लगातार समाजहित में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रही है। इनमें सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क हेलमेट वितरण, ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना, स्लम बस्तियों के बच्चों को निःशुल्क ट्यूशन शिक्षा उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंदों के बीच समय-समय पर भोजन वितरण जैसे सेवा कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था ने निर्णय लिया है कि अब शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित रूप से भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने समाज के सक्षम एवं जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करें, जिससे समाज में मानवता, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
इस अवसर पर संस्था के पसंथापक सदस्य अरविंद बक्शी, जितेंद्र वत्स, अशोक रखेजा, रविंदर सहित अन्य सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। संस्था के सदस्यों ने भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।