दुर्गापूजा को लेकर रफीगंज प्रखंड कार्यालय में बनेगा कंट्रोल रूम, एडीएम ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
रफीगंज, औरंगाबाद
दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को विशेष शाखा, औरंगाबाद के एडीएम एसएच खान ने रफीगंज शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों द्वारा की गई तैयारियों, शांति-व्यवस्था, सड़क मार्ग, आवागमन सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अधिकारियों को दुर्गापूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटने के लिए रफीगंज प्रखंड कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। कंट्रोल रूम के माध्यम से पूजा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या की सूचना समय रहते प्राप्त कर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
एडीएम ने पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आने-जाने वाले मार्गों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों, इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।
निरीक्षण के दौरान रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्णा, थानाध्यक्ष शंभू कुमार, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अश्विनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।