बाजपुर न्यूज
बाजपुर में नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में व्यापार मंडल खुलकर सामने आ गया है।
बाजपुर। रविवार को व्यापार मंडल ने साप्ताहिक हाट बाजार का विरोध करते हुए हाट व्यापारियों को बाजार नहीं लगाने दिया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष गोरा खुल्लर, महामंत्री ललित कोछड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्पष्ट किया कि जब तक नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त नहीं होती और सफाई व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक साप्ताहिक हाट बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि गंदगी के बीच बाजार लगना आम लोगों और दुकानदारों दोनों के हित में नहीं है।
वहीं, उत्तराखंड दलित समाज सुधार संगठन के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि ने व्यापार मंडल द्वारा दिए गए समर्थन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के आंदोलन को समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग मिलना उनके हौसले को मजबूत करेगा।
अनिल वाल्मीकि ने ठेकेदार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आंदोलन का आज दसवां दिन है, लेकिन ठेकेदार की ओर से कर्मचारियों के समर्थन या समस्याओं के समाधान के लिए कोई सार्थक पहल नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि नगर पालिका से जुड़े होने के बावजूद ठेकेदार कर्मचारियों के हितों को लेकर पूरी तरह उदासीन क्यों है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कर हड़ताल समाप्त कराई जाए, ताकि नगर की सफाई व्यवस्था और जनजीवन सामान्य हो सके।