हरियाणा में 36 दिन बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म:16 मांगों पर सहमति बनी, खाली पदों पर भर्ती होगी; CM ने मीटिंग की...
हरियाणा में 36 दिन बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। सरकार और सफाई कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत के बाद 16 मांगों पर सहमति बन गई है। सरकार अब खाली पदों पर भर्ती करेगी। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में शुक्रवार को सीएम नायब सैनी, मंत्री विपुल गोयल और कृष्ण बेदी के साथ सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की मीटिंग हुई। यूनियन के पदाधिकारी कुछ देर बाद आधिकारिक रूप से हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर सकते हैं। बता दें कि 6 अगस्त से सफाईकर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इस दौरान कई जगहों पर हड़ताल के दौरान झड़प भी हुई। हिसार में महिलाओं ने पुलिसवालों पर कूड़ा फेंक दिया था। हड़ताल के दौरान अब तक 73 कर्मचारी बर्खास्त और 10 नियमित कर्मचारी निलंबित हो चुके हैं।