#बालाघाट
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शासकीय राजा भोज महाविद्यालय कटंगी में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत (माय भारत) बालाघाट द्वारा शासकीय राजा भोज महाविद्यालय कटंगी में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी श्री प्रांजल अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल कुमार शेंडे, जनभागीदारी सदस्य श्री टिकल बाघमारे, माय भारत युवा स्वयंसेवक सुश्री मोहिनी खोबरागड़े एवं श्री कुंवर सिंह गौतम, मेजर ध्यानचंद युवा खेल मंडल के सदस्य तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। योग प्रशिक्षक श्री राजीव सोनवाने एवं श्री चौधरी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ शरीर एवं संतुलित मन के लिए नियमित योग करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल कुमार शेंडे ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
माय भारत की युवा स्वयंसेवक सुश्री मोहिनी खोबरागड़े ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि योग बिना किसी दवा के स्वस्थ रहने की प्रेरणा देता है और यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं योग अपनाने तथा परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को नियमित रूप से अपनाने और स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजन के सफल संचालन में माय भारत के स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#CMMadhyaPradesh
#Ayush_MP
#YogaForHealthyAgeing
#IDY2026 #jail_department
#JansamparkMP
53 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026