चंबा में इस बार भारी बर्फबारी की संभावना, प्रशासन अलर्ट मोड पर
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने दिए निर्देश, पांगी-भरमौर समेत संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम करने को कहा
चंबा, 12 नवंबर।
आगामी शीतकालीन मौसम में संभावित भारी बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन चंबा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें बर्फबारी के दौरान सड़क यातायात, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्यान्न आपूर्ति और संचार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि इस बार अधिक बर्फबारी की संभावना को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता, पर्यटकों और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
पांगी और भरमौर पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को डलहौजी, खज्जियार, बनीखेत, भरमौर एवं पांगी क्षेत्रों में सड़क यातायात सुचारू रखने के लिए पर्याप्त मशीनरी, उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। बर्फबारी के बाद सड़क बहाली के लिए दोनों विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बिजली-पानी और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष निर्देश
विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर, आवश्यक उपकरण, मानव संसाधन और वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया। जल शक्ति विभाग को पेयजल पाइपलाइनों की सुरक्षा तथा निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने और रैपिड रिस्पांस टीम को तत्पर रखने के निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को दुर्गम और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में पहले से खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्कूलों और पर्यटक स्थलों की सुरक्षा भी प्राथमिकता
शिक्षा विभाग को विद्यालयों के आपदा प्रबंधन प्लान अपडेट करने, हीटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और असुरक्षित भवनों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
डलहौजी, खज्जियार और मणिमहेश जैसे संवेदनशील पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए मौसम पूर्वानुमान, पंजीकरण, सुरक्षा उपकरण, संचार व्यवस्था और परमिट प्रणाली की समीक्षा करने को कहा गया।
पंचायतों और आपदा मित्रों को भी जिम्मेदारी
उपायुक्त ने ग्राम पंचायतों को आपदा संबंधी सूचनाओं के प्रसार और स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर सामुदायिक भवनों को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में उपयोग करने की व्यवस्था का आकलन करने को भी कहा गया।
दूरसंचार विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था सुचारू रखने तथा बिजली बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक ऊर्जा और पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को नोडल अधिकारियों के संपर्क नंबर सक्रिय रखने और प्रतिदिन निर्धारित समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतकालीन मौसम में आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक का संचालन अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#TribalLiveNews #ChambaNews #PangiNews #Bharmour #WinterPreparation #SnowfallAlert #DCChamba #HimachalNews #PangiValley #WinterSafety
Chamba, Chamba | Nov 12, 2026