हिंडोरिया में जुआ फड़ से पकड़े अधेड़ की अस्पताल में मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
परिजनों ने किया हंगामा, एसपी आनंद कलादगी पहुंचे हिंडोरिया, थाना प्रभारी सहित 9 कर्मचारी लाइन अटैच
दमोह जिले के हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार रात करीब 10 बजे 50 वर्षीय अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान शिव सिंह लोधी निवासी टिकरी पिपरिया, थाना हिंडोरिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात बांदकपुर चौकी क्षेत्र के हलगज में बांदकपुर और हिंडोरिया पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश दी थी। इस दौरान शिव सिंह लोधी के पकड़े जाने की बात सामने आई है, जबकि अन्य लोग मौके से भाग गए। बताया जा रहा है कि बाद में शिव सिंह की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे इलाज के लिए हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि पुलिस उसके पिता को जुआ खेलने के आरोप में पकड़कर लाई थी और उनके साथ जमकर मारपीट की गई। बाद में पुलिस ने फोन कर पिता की तबीयत खराब होने की सूचना दी। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पिता का शव मिला। बेटे का कहना है कि पिता हार्ट के मरीज थे और उन्हें स्टेंट भी डले थे, लेकिन उनकी मौत बीमारी से नहीं बल्कि पुलिस की मारपीट से हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आनन फानन में पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। रात करीब 10:30 बजे तक अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस के द्वारा शव को सुरक्षित शव ग्रह में रखवाये जाने के बाद शुक्रवार को सागर रवाना पर पैनल के माध्यम से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना से लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ जिन्होंने उग्र प्रदर्शन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की। घटना के बाद कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष मानक व भाजपा नेता प्रद्युम्न सिंह भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सख्त कार्रवाई वही प्रदुमन सिंह ने मृतक के परिजनों को निष्पक्ष कार्यवाई का भरोसा जताया।
घटना के बाद गुरुवार रात करीब 11.30 बजे पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पहुंचे। जिन्होंने शव को सुरक्षित कराये जाने के साथ परिजनों को निष्पक्ष कार्यवाही का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा मामले की स्पेशल टीम गठित कर जांच की जाएगी। जिसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। जुआ फड़ पर कार्यवाही करने पहुंचे थाना प्रभारी सहित 9 पुलिसकर्मियों के लिए लाइन अटैच कर दिया गया है। सागर से टीम पूरे मामले की जांच करेगी। जांच में तथ्य सामने आयेंगे उनके अनुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
Damoh, Damoh | Sep 26, 2026