प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 13 अक्टूबर 2026
जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला में 26 नियोजकों द्वारा 1500 रिक्तियों के विरुद्ध 509 युवाओं का प्रथम चरण में चयन
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम योजना के अंतर्गत आज राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान, केंदुई, गया में जिला स्तरीय नियोजन मेला का आयोजन किया गया। मेले का आयोजन अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया द्वारा किया गया, जिसमें युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ करियर मार्गदर्शन एवं कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप निदेशक (नियोजन), मगध प्रमंडल, गया द्वारा स्वागत भाषण के साथ किया गया। इस अवसर पर अभ्यर्थियों को बिहार रोजगार पोर्टल, NCS पोर्टल, ऑनलाइन प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग तथा रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही टूलकिट, स्टडी किट, करियर इन्फॉर्मेशन सेंटर, डिजिटल लाइब्रेरी एवं जॉब कैंप जैसी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
मेले का उद्घाटन माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा Dr. Prem Kumar जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिहार सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं से नए कौशल सीखने, अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गया जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ पर्यटन, होटल उद्योग, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण एवं लघु उद्योगों के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ हैं। युवा नौकरी प्राप्त करने के साथ-साथ उद्यमी बनकर दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने असफलताओं से निराश न होकर निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही नियोजक संस्थानों से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों से अभ्यर्थियों को नियोजन प्रक्रिया की समुचित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया।
मेले में रोजगार के अवसर एवं उपलब्धियाँ
इस जिला स्तरीय नियोजन मेले में विभिन्न क्षेत्रों के कुल 26 नियोजकों ने भाग लिया। इनके माध्यम से कुल 1,500 रिक्तियों के विरुद्ध अवसर उपलब्ध कराए गए, जिनमें से प्रथम चरण में कुल 509 युवाओं का चयन किया गया। कुल 03 अभ्यर्थियों को माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न संस्थानों द्वारा युवाओं को रोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।
मेले में बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा रोजगार एवं प्रशिक्षण से संबंधित संस्थानों—जैसे Labour Resources Department, Government of Bihar, RSETI, DRCC, जन शिक्षण संस्थान, ITI, DIC एवं अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया—द्वारा कुल 501 लाभार्थियों का मार्गदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा के अतिरिक्त जनप्रतिनिधिगण, नियोजन विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न नियोजक संस्थानों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रोजगार की तलाश कर रहे युवा उपस्थित रहे।
नियोजन मेले के सफल आयोजन में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, नियोजक संस्थानों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
CMO Bihar Samrat Choudhary Information & Public Relations Department, Government of Bihar All India Radio News DD News Bihar Home Department, Govt. of Bihar
#employment #youth #jobopportunity #gaya #bihar
62 views | Gaya, Bihar | Oct 13, 2026