श्री मणिमहेश यात्रा-2026: बिना पंजीकरण नहीं मिलेगी यात्रा की अनुमति, 1 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा, 23 जुलाई।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण कोई भी श्रद्धालु यात्रा नहीं कर सकेगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होगी और 50 रुपये का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को जारी होने वाली पंजीकरण पर्ची और उस पर अंकित QR कोड के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। पर्ची में श्रद्धालु का विवरण, आपातकालीन सहायता नंबर तथा यात्रा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी अंकित होंगे।
यात्रा मार्ग पर लाहडू और कलसुंई में पंजीकरण निरीक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रत्येक श्रद्धालु के पंजीकरण की जांच अनिवार्य होगी। बिना पंजीकरण आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा, ठहरने या अन्य किसी भी सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निरीक्षण केंद्रों पर यातायात और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर को सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी, जबकि नेट जैन कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव गुप्ता ने ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली का प्रदर्शन प्रस्तुत किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
#PangiLiveNews #ManimaheshYatra2026 #Chamba #Bharmour #HimachalPradesh #Pilgrimage #RegistrationMandatory #MukeshRepaswal
Chamba, Chamba | Jul 23, 2026