भिवानी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर डीसी व एसडीएम ने लिया जायजा....
भिवानी
बिजली कर्मचारियों द्वारा 24 अक्टूबर तक घोषित हड़ताल के चलते डीसी एवं जिलाधीश साहिल गुप्ता ने बिजली घरों व सब स्टेशनों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ चौ. बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल, जलघर और जिला कारागार आदि परिसरों में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। गुरुवार को हड़ताल के दौरान डीसी के निर्देश पर एसडीएम महेश कुमार बीटीएम रोड़ स्थित 132 केवी बिजली घर पहुंचे और सामान्य अस्पताल फीडर को चालू करवाया ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वहीं दूसरी ओर जिलाधीश श्री गुप्ता ने बिजली घरों- सब स्टेशनों पर कानून-एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिलाधीश ने ये आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 16(1) व 17(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला गुरुग्राम और नूंह में 25 सालों के लिए पावर सप्लाई इलेवन पावर इंन्फ्रास्ट्रेक्चर कंपनी को दिए जाने के विरोध स्वरूप प्रदेश में बिजली कर्मचारियों ने 22 से 24 अक्टूबर तक हड़ताल का ऐलान किया। हड़ताल के दौरान शहर में बिजली आपूर्ति प्रभावित होना स्वाभाविक है। ऐसे में जिलाधीश जिलाधीश साहिल गुप्ता ने 21 अक्टूबर देर शाम ही शहर में सामान्य अस्पताल, जलघर और कारागार में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से करवाने के लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किए। जिलाधीश के आदेशों के चलते गुरुवार को एसडीएम महेश कुमार 132 केवी बिजली घर पहुंचे और उन्होंने सामान्य अस्पताल में बिजली आपूर्ति शुरु करवाई। कार्यकारी अभियंता सतबीर यादव ने बताया कि जरूरी सेवाओं में शामिल पेयजल के लिए जलघर का फीडर भी शुरु करवाया वहीं जिला कारागार की भी बिजली आपूर्ति शुरु की गई।