सीताकुण्ड हसनपुर की काली प्रतिमा का विसर्जन आज जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के संयुक्त नेतृत्व में पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं भक्तिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। विसर्जन कार्यक्रम को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी सजगता, सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं सीताकुण्ड हसनपुर पहुंचकर विसर्जन शोभायात्रा में शामिल हुए तथा विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, एसडीओ एवं एसडीपीओ सदर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों तथा आम नागरिकों के सकारात्मक सहयोग से दुर्गा पूजा की तरह काली पूजा का विसर्जन भी शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया है। यह सामूहिक सहभागिता, आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिक भी बधाई के पात्र हैं।
जिलाधिकारी ने मुंगेर की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि हसनपुर में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान इसका अद्भुत नजारा देखने को मिला। हिन्दू एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर विसर्जन कार्यक्रम में सहभागिता निभाई तथा श्रद्धालुओं के बीच पेयजल एवं शरबत वितरित कर आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। यह परंपरा मुंगेर की सामाजिक एकता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में शेष प्रतिमाओं का विसर्जन भी निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत देर रात तक कराया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को पूरी सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था संधारित रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण विसर्जन में सहयोग देने वाले सभी पूजा समितियों, स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Nov 10, 2026