सीतामढ़ी में शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 468 लीटर विदेशी शराब बरामद
सीतामढ़ी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ दुर्गा पूजा के मद्देनजर पुलिस अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मेहसौल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाहर चौक स्थित श्रीनगर मोहल्ले में एक दुकान और गोदाम की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की 624 बोतल विदेशी शराब, कुल 468 लीटर, बरामद की है। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया है और इस मामले में मेहसौल थाना कांड संख्या 295/26 दर्ज किया गया है।
फिलहाल संबंधित मकान मालिक, दुकान के किरायेदार और अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की जाँच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।
वहीं, पुलिस ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। साथ ही, लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
पुलिस की अपील: मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1933 या MANAS पोर्टल के माध्यम से साझा करें।