सीमित संसाधनों से ‘लखपति दीदी’ तकरू मेहगांव की अर्चना खोंडे ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई इबारत
बड़वानी 23 नवंबर 2026/ बड़वानी जिले के सेंधवा विकासखंड से लगभग 6 किलोमीटर दूर बसे ग्राम मेहगांव की अर्चना खोंडे ने अपने परिश्रम और नेतृत्व क्षमता से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। विवाह के बाद परिवार पर आश्रित रहीं अर्चना के पति नाई की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार में आर्थिक तंगी बनी रहती थी। लेकिन आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद अर्चना ने न केवल परिवार की आय बढ़ाई, बल्कि आज आसपास के 15 से 20 गांवों में ‘अर्चना दीदी’ के रूप में पहचानी जाती हैं।
समूह से जुड़ीं और बदली तकदीर
आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूह (स्वामीनारायण समूह) से जुड़ने के बाद अर्चना के जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई। उन्होंने नियमित बचत की आदत डाली और समूह से पहली बार ₹7,000 का ऋण लेकर पति के व्यवसाय को व्यवस्थित करने के लिए गुमटी का निर्माण कराया। इसके बाद ₹16,000 के ऋण से पति की दुकान के पास ही स्वयं का कोल्डड्रिंक व्यवसाय शुरू किया।
प्रशिक्षण, मास्टर ट्रेनर और ‘मुद्रा’ की उड़ान
अर्चना ने केवल व्यवसाय तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि आजीविका मिशन के तहत बुक-कीपिंग का प्रशिक्षण लेकर ग्राम संगठन (जय माता दी महिला आजीविका ग्राम संगठन) में बुक-कीपर की जिम्मेदारी संभाली। भोपाल से समूह अवधारणा का प्रशिक्षण प्राप्त कर वे ‘रानी काजल सीएलएफ’ की मास्टर ट्रेनर और सक्रिय ‘आजीविका दीदी’ के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं।
बच्चों की बेहतर पढ़ाई के बढ़ते खर्च को देखते हुए उन्होंने शासन की मुद्रा ऋण योजना के अंतर्गत ₹1.50 लाख का ऋण प्राप्त किया और पति के सैलून के पास साड़ी की दुकान खोली। आज वे किराए के 3 कॉम्प्लेक्स में साड़ी, कटलरी, कोल्डड्रिंक और नाई की दुकान का संचालन सफलतापूर्वक कर रही हैं।
आय में बड़ा बदलाव,
बच्चों को मिली अच्छी शिक्षा
पहले जहां परिवार की मासिक आय महज ₹4,000 थी और वे व्यक्तिगत रूप से परिवार पर आश्रित थीं, वहीं आज अर्चना स्वयं प्रतिमाह ₹10,000 कमा रही हैं और परिवार की कुल मासिक आय ₹22,500 तक पहुंच गई है।
इस आर्थिक मजबूती का सीधा लाभ बच्चों की शिक्षा को मिला है। अर्चना ने अपने बच्चों को उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए सेंधवा भेजा। जहां बड़ी बेटी कॉलेज के प्रथम वर्ष में, एक बेटा कक्षा 11में और दूसरा बेट कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है। इसके साथ ही परिवार को लाड़ली बहना और आवास योजना जैसी शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिला है। सास-ससुर और तीन बच्चों के साथ खुशहाल जीवन जी रहीं अर्चना खोंडे आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और आत्मविश्वास से आत्मनिर्भरता की राह आसान बनाई जा सकती है।
#JansamparkMP
#Badwani
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026