बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम पांगी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सुरेंद्र ठाकुर
पांगी, 2 जुलाई
जनजातीय क्षेत्र पांगी में बादल फटने से प्रभावित ग्राम पंचायत साच और साहली के अंतर्गत कुठल, घीसल व हिलोर गांवों का आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
एसडीएम ने राजस्व विभाग को नुकसान का विस्तृत आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों में समन्वय के साथ तेजी लाने को कहा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा बादल फटने से बंद हुए मार्गों को युद्धस्तर पर बहाल करने का कार्य जारी है, ताकि लोगों की आवाजाही जल्द सामान्य हो सके।
एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि बरसात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, भारी बारिश के समय नदी-नालों के पास न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने पशुपालकों और चरवाहों से भी बरसात के दौरान पशुओं को नदी-नालों के आसपास न चराने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान वन विभाग, कृषि, उद्यान, पशुपालन, जल शक्ति, लोक निर्माण, राजस्व, विकास खंड एवं एकीकृत जनजातीय विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
#PangiLiveNews #Pangi #Chamba #HimachalPradesh #Cloudburst #Monsoon #SDMPangi #DisasterManagement #BreakingNews
Chamba, Chamba | Jul 2, 2026