छठ पर्व को लेकर अलर्ट जिला प्रशासन, डीएम और एसपी ने विभिन्न घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण
सुपौल। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी, सुपौल एवं पुलिस अधीक्षक, सुपौल ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और प्रतिनियुक्त पुलिस बल को घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
Supaul, Supaul | Nov 14, 2026