#बालाघाट
लामता में सेक्टर स्तरीय राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम आयोजित
महिलाओं ने व्यंजन, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा, पोषण और शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना लामता के अंतर्गत ग्राम पंचायत लामता में शनिवार को सेक्टर स्तरीय राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परियोजना अधिकारी शैलेन्द्र चौकसे के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षक रजनी अंबेलकर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य ज्ञान सिंह मरकाम, उपसरपंच राजेन्द्र मानेश्वर, पंचगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण के पहले सुनहरे 1000 दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके साथ ही टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम, डायरिया से बचाव, स्वच्छता एवं साफ-सफाई तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
महिलाओं एवं ग्रामीणों को लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली बहना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
महिलाओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
कार्यक्रम को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए महिलाओं के बीच व्यंजन प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़ एवं जलेबी दौड़ जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद स्वल्पाहार का वितरण किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mp_wcdm
Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026