मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश
शाहजहांपुर - वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर निगम से मुख्य अभियंता, समस्त अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं महाप्रबंधक जल सहित उत्तर प्रदेश जल निगम, विद्युत वितरण खंड, लोक निर्माण विभाग तथा एचपीसीएल (गैस पाइपलाइन) के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं तय डेडलाइन के भीतर हर हाल में पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए तथा निर्माण कार्यों को तेजी के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्माण कार्य इस प्रकार योजनाबद्ध तरीके से कराए जाएं, जिससे आमजन को आवागमन एवं दैनिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की परेशानी या असुविधा का सामना न करना पड़े। कार्य के दौरान जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित डेडलाइन के अनुसार कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य समयबद्धता एवं गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
Suresh Kumar Khanna