फागू स्कूल में अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, 300 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू में अंडर-19 छात्र वर्ग की 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को आगाज हुआ। पांच से सात सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के आठ जोनों से करीब 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर ने किया।
दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम के गायन के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। आयोजन समिति ने जी.आर. मुसाफिर को हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, गौ-कौन, ठोड़ा और कुराश सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। राजगढ़, संगड़ाह, नौहराधार, शिलाई, सराहां, सतौन और नाहन समेत विभिन्न जोनों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
“खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है।”
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं में सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।