विधायक हरेंद्र रामरतन सिंह की माता गिर्राजो देवी का निधन
82 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, रसूलपुर रोड स्थित मोक्षधाम में हुआ अंतिम संस्कार
पलवल। होडल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरेंद्र रामरतन सिंह की माता एवं पूर्व विधायक रामरतन सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती गिर्राजो देवी का सोमवार सुबह 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
गिर्राजो देवी के पति रामरतन सिंह का भी क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। रामरतन सिंह वर्ष 1991 में कांग्रेस के टिकट पर हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए थे। वर्तमान में हसनपुर विधानसभा क्षेत्र को होडल विधानसभा क्षेत्र के नाम से जाना जाता है। वह हरियाणा भूमि सुधार बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं।
गिर्राजो देवी का अंतिम संस्कार रसूलपुर रोड स्थित मोक्षधाम में किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र एवं होडल विधायक हरेंद्र रामरतन सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके दूसरे पुत्र जय रामरतन सिंह, परिवार के अन्य सदस्य, पौत्र और प्रपौत्र सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
गिर्राजो देवी के परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी विशेष रही है। उनके पति रामरतन सिंह विधायक रहे, जबकि वर्तमान विधानसभा में उनके पुत्र हरेंद्र रामरतन सिंह होडल से भाजपा विधायक और दामाद बावल विधानसभी सीट से डॉ. कृष्ण कुमार भी विधायक हैं। इस तरह गिर्राजो देवी का परिवार लंबे समय से प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जीवन में सक्रिय रहा है।
उनके अंतिम संस्कार में फरीदाबाद के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक दीपक मंगला,पूर्व चेयरमैन जगमोहन गोयल, जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर, जिला पुलिस अधीक्षक नीतीश कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग पहुंचे।
शहर के गणमान्य लोगों में डॉ. हरेंद्रपाल सिंह, महेंद्र भड़ाना, शीशपाल कड्डन, अनिल नागर, मनोज बंधु और मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी सहित अनेक लोग विशेष रूप से मौजूद रहे। लोगों ने दिवंगत गिर्राजो देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
Palwal, Palwal | Aug 31, 2026