एमडीजे पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र जयप्रकाश बने सेना में जेसीओ, विद्यालय में हुआ स्वागत
जगदीशपुर/आरा । एमडीजे पब्लिक स्कूल, लोहई टोला अमरपुरी बाली, सोनवर्षा के पूर्व छात्र जयप्रकाश का भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) के पद पर चयन होने पर गुरुवार को विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ढोल-नगाड़ों और हाथों में ध्वज लेकर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। वहीं छात्राओं ने तिलक लगाकर अभिनंदन किया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नंद कुमार सिंह ने जयप्रकाश को माला पहनाकर अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किया तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उनके पिता संतोष कुमार सिंह को भी अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक ने कहा कि जयप्रकाश ने विद्यालय से नर्सरी से दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की थी। आज भारतीय सेना में जेसीओ बनकर उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के कई पूर्व छात्र विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। इनमें कस्टम अधिकारी प्रदीप कुमार, जीएसटी इंस्पेक्टर मानसी कुमारी सहित रेलवे, वायुसेना, थलसेना और चिकित्सा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले छात्र शामिल हैं।
जयप्रकाश के पिता संतोष कुमार सिंह ने बेटे की सफलता में विद्यालय और शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं जयप्रकाश ने शिक्षकों का चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
प्राचार्य एके घोष ने जयप्रकाश को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक मुन्ना कुमार ने किया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।