जिला स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर डीडीसी ने की समीक्षा, समय पर काम पूरा करने का निर्देश
विभागीय स्टॉल, खेल प्रतियोगिता, प्रभातफेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दीपोत्सव की तैयारियों पर हुई चर्चा
आरा। जिला स्थापना दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त अरुण प्रकाश की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विद्या भवन स्थित सभागार में आयोजित बैठक में स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान डीडीसी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में विभागीय स्टॉल, खेल प्रतियोगिताओं, प्रभातफेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दीपोत्सव सहित अन्य प्रस्तावित गतिविधियों की तैयारियों की जानकारी ली गई। डीडीसी ने कहा कि जिला स्थापना दिवस का आयोजन आकर्षक, सुव्यवस्थित और यादगार होना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और सहयोग के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।उन्होंने विभागीय स्टॉल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यों और विभागीय उपलब्धियों को आम लोगों के सामने प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। वहीं, खेल प्रतियोगिताओं और प्रभातफेरी में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जिले की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को प्रदर्शित करने की बात कही।
दीपोत्सव को लेकर स्थल चयन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने कहा कि सभी पदाधिकारी कार्यक्रमवार जिम्मेदारी तय कर नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।