15 किलोमीटर दूर सकुशल मिला 9 वर्षीय मासूम, महुली पुलिस ने लौटाई परिवार की मुस्कान
संतकबीरनगर में महुली पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और बेहतर टीमवर्क की बदौलत एक 9 वर्षीय लापता मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया। थाना क्षेत्र के ग्राम रामुपुर से बालक के अचानक लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी धनघटा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पांडे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर गांव, जंगल, खेतों, संपर्क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया गया।
पुलिस की अपील पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खोज अभियान में शामिल हुए और लगातार कई घंटों तक पुलिस के साथ मासूम की तलाश करते रहे। पुलिस की सूझबूझ, प्रभावी रणनीति और ग्रामीणों के सहयोग से बालक को उसके गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम महादेव क्षेत्र के पास सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चा पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ पाया गया।
जैसे ही पुलिस टीम मासूम को लेकर गांव पहुंची, परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और पूरे गांव में राहत व खुशी का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना, क्षेत्राधिकारी धनघटा, थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडे तथा पूरी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास से किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का सकारात्मक समाधान संभव है।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jul 4, 2026