• सेवा सेतु अभियान के तहत नगर पालिका में शिविर आयोजित
• ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण
सेवा सेतु अभियान के तहत नगर पालिका परिषद सीहोर में ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा के अनुरूप बहु विभागीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। अनेक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की गई।
शिविर में सामाजिक न्याय, श्रम, नगरीय प्रशासन एवं विकास, शिक्षा, ऊर्जा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, राजस्व, खाद्य एवं आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों द्वारा नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई की गई। शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने कहा कि नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर लाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ श्री सुधीर सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद श्री नरेंद्र राजपूत, श्री कमलेश राठौर, श्री मांगीलाल मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#सेवा_से_संकल्प_अभियान #जनभागीदारी #जनसेवा #सीहोर #स्वच्छ_समाज #विकसित_भारत
#डॉ_मोहन_यादव_का_विकसित_MP #सेवा_संकल्प_अभियान_2026 #ModiAt25 #JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore #जनसेवा #सेवा_संकल्प #सेवा_के_25_वर्ष #जनकल्याण #सेवा_ही_संकल्प #आशीर्वाद