भास्कर महोत्सव का भव्य शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झूमे दर्शक
लखीसराय।जिले में दो दिवसीय भास्कर महोत्सव-2026 का रविवार को परिया पोखर स्थित लखीसराय अतिथि गृह के समीप भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष दीपक कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार एवं एसडीओ प्रभाकर कुमार ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि भास्कर महोत्सव जिले की सांस्कृतिक विरासत, कला, साहित्य एवं लोक परंपराओं को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और नई पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ती है।
महोत्सव के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं आम्रपाली कला केंद्र के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं नवल भारती, पंकज भारती, पंकज भारद्वाज एवं राजीव कुमार की टीम ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे महोत्सव स्थल पर उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना रहा।
#khabarlakhisarai
#lakhisaraibihar
#lakhisarai
#bihar
#chathpuja
Lakhisarai, Lakhisarai | Nov 15, 2026