घी निर्माण इकाई पर छापा, अपमिश्रक व अज्ञात रसायन मिलने पर यूनिट सील
चंदौसी। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को मौलागढ़ स्थित वृंदावन धाम नामक घी निर्माण इकाई पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके से घी, रिफाइंड ऑयल, वनस्पति, एसेंस, रंग, विभिन्न प्रकार के अपमिश्रक तथा अज्ञात रसायन बरामद किए गए।
विभागीय टीम को मौके पर खाद्य एवं अखाद्य पदार्थों के विभिन्न प्रकार के लेबल भी मिले, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। टीम ने मौके से कुल 11 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तत्काल लाइसेंस निलंबित कर निर्माण इकाई को सील कर दिया। वहीं, जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायनों के प्रयोग का मामला सामने आने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली चंदौसी में तहरीर दी गई है।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी सम्भल के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानवेन्द्र सिंह, सीएफएसओ वी.के. राठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा, राजेश कुमार, रामजीत, राजीव कुमार एवं सुधीर कुमार मौजूद रहे।