अंबेडकर प्रतिमा की रेलिंग क्षतिग्रस्त करने का आरोप, मारपीट व जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल की शिकायत
विशुनपुरा। थाना क्षेत्र के पिपरी कला गांव निवासी करण कुमार, पिता लखन राम, ने विशुनपुरा थाना में लिखित आवेदन देकर पिपरी कला स्थित 10+2 विद्यालय के समीप स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की घेराबंदी को क्षतिग्रस्त करने, मारपीट, गाली-गलौज एवं कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
थाना में दिए आवेदन के अनुसार, पिपरी कला 10+2 विद्यालय के समीप डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा की सुरक्षा एवं परिसर की व्यवस्था के लिए चारों ओर रेलिंग से घेराबंदी की गई है। करण कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही शिवकुमार कुमार, शुभम कुमार, ददन कुमार, अभिषेक कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार एवं अनुज कुमार ने उक्त रेलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया।
आवेदन में करण कुमार ने बताया है कि जब उन्होंने रेलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने का विरोध किया और इस संबंध में आपत्ति जताई, तो आरोपितों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। साथ ही गाली-गलौज करने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित एवं प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर विशुनपुरा प्रभारी थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Garhwa, Garhwa | Sep 7, 2026