गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का किया प्रचार, नशा मुक्ति का भी दिया संदेश
सुरेंद्र ठाकुर (आकाश)
चम्बा, 8 जुलाई।
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला चम्बा की विभिन्न पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं के साथ-साथ नशा निवारण के प्रति भी जागरूक किया।
उपमंडल चम्बा की हरिपुर और मंगला ग्राम पंचायतों में संतोष जागृति कला मंच के कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि भटियात उपमंडल की कामला और सिहुंता ग्राम पंचायतों में आर्ट एंड कल्चर ग्रुप सराहन के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, जिनमें स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केंद्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास योजनाएं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाएं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना शामिल हैं, की विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए युवाओं और आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया गया।
अभियान के तहत 7 जुलाई को भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस दौरान संतोष जागृति कला मंच ने उपमंडल चम्बा की साहो और प्रोथा पंचायतों में तथा चम्बा रंग दर्शन दल ने सलूणी उपमंडल की भलेई और सुंडला ग्राम पंचायतों में अनुसूचित जाति कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।
#Chamba #HimachalPradesh #JanKalyanYojana #SCWelfare #NukkadNatak #DrugFreeHimachal #AwarenessCampaign #PangiLiveNews
Chamba, Chamba | Jul 8, 2026