ब्लॉक सभागार में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग का एकदिवसीय कुंभकारी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
.
#हरदोई: खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), भारत सरकार, लखनऊ के तत्वावधान में कोथावां ब्लॉक सभागार में एकदिवसीय कुंभकारी (मिट्टी शिल्प) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के कारीगरों, युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ना तथा केंद्र सरकार की ग्रामोद्योग संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी कोथावां गिरवर प्रसाद उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक प्रशांत मिश्र ने ग्रामोद्योग विकास योजना के साथ-साथ खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा ग्रामीण उद्योगों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र लाभार्थी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कोथावां अतुल मिश्रा, मंडल अध्यक्ष बेनीगंज रोहित वैश्य, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आशीष मौर्य, पुष्कर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग से राकेश सिंह ने भी प्रतिभागियों को आयोग की गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। आयोजन को प्रतिभागियों ने उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 4, 2026