जिला पदाधिकारी ने आईसीडीएस एवं महिला विकास निगम की योजनाओं की समीक्षा; आंगनबाड़ी सेवाओं, कुपोषण उन्मूलन एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
समाहरणालय, जहानाबाद में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) एवं महिला विकास निगम की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभागीय निर्देशों के अनुरूप सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार गर्म पका हुआ भोजन तथा पात्र लाभुकों को सूखा राशन का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं को पोषण ट्रैकर एप के प्रभावी संचालन हेतु समुचित प्रशिक्षण प्रदान करने का निर्देश दिया, ताकि पोषण संबंधी आंकड़ों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संधारण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिन आंगनबाड़ी केंद्रों का अपना भवन उपलब्ध नहीं है, उनके लिए संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) को उपयुक्त भूमि चिन्हित कर अंचलाधिकारी को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया, जिससे भूमि सत्यापन के उपरांत भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य एवं विकासात्मक निगरानी पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि विकासात्मक विलंब के लक्षणों की समय रहते पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय एवं पुनर्वास संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी गंभीर रूप से कुपोषित (SAM) बच्चों को आवश्यकतानुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) भेजना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित सेविका एवं सहायिका के साथ-साथ संबंधित महिला पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
महिला विकास निगम की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, पालना गृह तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) का विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला परियोजना प्रबंधक, महिला विकास निगम को विभाग द्वारा निर्धारित सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं का उद्देश्य समाज के सबसे संवेदनशील वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ पहुँचाना है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में डीपीओ आईसीडीएस, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, जिला समन्वयक, जिला परियोजना सहायक एन.एन.एम., महिला विकास निगम के संबंधित पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 3, 2026