भरवाड़ा-कमतौल पथ पर एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। यह घटना ब्रह्मपुर बाजार से पहले सोतिया चौड़ के पास मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुई। तेज रफ्तार मालवाहक टेम्पो और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में ई-रिक्शा बुरी तरह टूट गया। घायलों में ई-रिक्शा चालक और दो महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा चालक तेजू यादव के पैर का मांस निकलकर सड़क पर गिर गया। कटैया निवासी तेजू यादव ई-रिक्शा चला रहे थे। घायल दो महिलाओं की पहचान अभी नहीं हो पाई है। ई-रिक्शा कमतौल से भरवाड़ा की ओर जा रहा था, जबकि तीन चक्का मालवाहक टेम्पो (गाड़ी संख्या BR06GH0165) भरवाड़ा से कमतौल की ओर आ रहा था। टक्कर के बाद मालवाहक टेम्पो पलट गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, पुलिस एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, जिससे मौजूद ग्रामीण नाराज दिखे। गंभीर रूप से घायल लोगों को दरभंगा डीएमसीएच रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी राहुल ठाकुर ने बताया कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक महिला घायल पड़ी थी, चालक झाड़ी में गिरा था और एक अन्य महिला सड़क पर थी। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। राहुल ठाकुर ने पुलिस को तीन बार फोन करने का दावा किया, लेकिन पुलिस देर से पहुंची। यह घटना ब्रह्मपुर मार्केट से 300 मीटर कमतौल वाले रास्ते में हुई है।
घटना के बाद मालवाहक टेम्पो का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। कमतौल थाना प्रभारी संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल को मौके पर भेजा गया था। दोनों गाड़ियां चलने लायक नहीं थीं, इसलिए उन्हें ब्रह्मपुर चौक के पास चौकीदार की देखरेख में रखा गया है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।