जिले में नकली खाद विक्रेताओं की तलाश, दिन भर चली छापेमारी, देवास-उज्जैन के डीडीए को पत्र
-अटेर में छह ट्रक खाद खपाने की सूचना, कृषि विभाग का दावा-नकली खाद बनाने वाले सिंडिकेट तक पहुंची कार्रवाई
जिले में नकली खाद के कारोबार का नेटवर्क तलाशने में कृषि विभाग जुट गया है। विभाग को जांच के दौरान देवास, इंदौर, राजस्थान के भीलवाड़ा, मुरैना और मंदसौर से नकली खाद आने के सुराग मिले हैं। कृषि अधिकारियों ने देवास और इंदौर के डीडीए को पत्र भेजकर संबंधित कंपनियों में तैयार हुए खाद के उत्पादन और मार्केटिंग का रिकॉर्ड मांगा है। यह मिलान किया जा रहा है कि किस कंपनी ने किस बैच और स्लॉट में कितना उत्पादन किया तथा वह खाद किन-किन जिलों में भेजी गई।
कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बायो फर्टिलाइजर, जिसकी कीमत करीब 250 रुपए है, उसे नकली पैकिंग में भिण्ड, मुरैना और ग्वालियर में खपाने का प्रयास किया जा रहा था। इसका रंग काला बताया गया है और सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। विभाग का दावा है कि कार्रवाई नकली खाद बनाने वाले सिंडिकेट तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अटेर क्षेत्र में छह ट्रक खाद खपाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
Gormi, Bhind | Oct 8, 2026